शुक्रवार, मार्च 08, 2013



 जमीन में नहीं हवा में खर्च हुआ जनता का धन 

 -8 माह में हुई सवा तीन करोड़ की हवाई सैर
 -ली गई निजी विमानन कंपनियों की भी सेवाएं 

भोपाल। जनता के गाढ़े खून पसीने की कमाई जमीन में नहीं हवा में खर्च हुई। मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों द्वारा हवाई सैर में व्यय की गई लगभग सवा तीन करोड़ की यह राशि अकेले 8 माह की है। इसके लिए न केवल शासन के पास मौजूद हवाई जहाज व हेलीकॉप्टर का उपयोग किया गया बल्कि निजी विमानन कंपनियों की सेवाएं भी ली गई हैं।   

  विधायक रामनिवास रावत द्वारा विधानसभा के माध्यम से चाही गई जानकारी में यह खुलासा स्वयं सरकार का है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा इस संबंध में अवगत कराया गया है कि 1 जुलाई 12 से 15 फरवरी 13 के दौरान हवाई यात्राओं में रुपए 3 करोड़ 29 लाख 83 हजार 876 की राशि खर्च की गई है। शासकीय विमान और हैलीकॉप्टर का उपयोग करते हुए मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष समेत दर्जन भर से अधिक मंत्रियों द्वारा अलग-अलग क्रमश: 80 और 79 उड़ाने भरी हैं। इन उड़ानों पर रुपए 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार खर्च हुए। इसके अलावा हवाई यात्राओं के लिए भोपाल के साथ दिल्ली और मुंबई की निजी विमानन से जुड़ी 5 कंपनियों की सेवाएं भी ली गई हैं। प्रदेश सरकार ने 80 घंटे की उड़ान के लिए इन कंपनियों को रुपए 89 लाख 52 हजार 876 की राशि अदा की है। 

-दिल्ली की दौड़ में विश्रोई पर भारी हैं ऊॅटवाल
 मंत्रिपरिषद के दो सदस्यों द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र से दिल्ली के बीच उड़ान  भरी गई है। जिनमें पशुपालन मंत्री अजय विश्रोई और नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री मनोहर ऊंटवाल के नाम शामिल है। दिल्ली और जबलपुर के बीच पशुपालन मंत्री की 4 घंटे 45 मिनट की हवाई यात्रा के लिए प्रदेश सरकार ने जहां रुपए 3 लाख 35 हजार 226 का भुगतान किया है वहीं नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री की इंदौर-दिल्ली-भोपाल की 7:50 घंटे की उड़ान के लिए रुपए 7 लाख 77 हजार 109 अदा किए गए हैं।    


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें